इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह, एक घंटे के बाद भरी उड़ान

मुंबई ,15 दिसंबर (आरएनएस)। इंडिगो के मुंबई से दिल्ली होकर लखनऊ जाने वाली फ्लाइट में बम रखे होने की खबर मिली, जिसके बाद शनिवार को उसे उड़ान भरने से रोक दिया गया। सूत्रों ने बताया कि बम धमकी आकलन समिति (बीटीएसी) ने इस खबर को गंभीरता से लिया। विमान को खाली स्थान पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया।

इस घटना पर इंडिगो की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। विमान को सुबह छह बजकर पांच मिनट पर उड़ान भरनी थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने यात्री सवार थे। हवाई अड्डे के एक सूत्र ने बताया, गो एयर फ्लाइट जी8-329 से दिल्ली जा रही एक महिला यात्री टी-1 पर इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर गई और वहां बताया कि इंडिगो की फ्लाइट 6ई 3612 में बम है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »