प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, बेसब्री से जनता को इंतजार

रायपुर, 13 दिसम्बर (आरएनएस)। कांग्रेस के विशाल बहुमत में आते ही बुधवार रात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आते ही रायशुमारी का दौर देर रात तक चलता रहा। प्रत्येक कांग्रेस विधायक को खडग़े ने बुलाकर मुख्यमंत्री उनकी पसंद का पूछा। कांग्रेस विधायकों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से सर्वाधिक बहुमत पाने वाले विधायक को ही मुख्यमंत्री बनाने की जानकारी कांग्रेस सूत्रों ने दी है। खडग़े आज सुबह की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गए है। दोपहर में कोर कमेटी की बैठक में ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा शाम तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में डॉ. चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल एवं ताम्रध्वज साहू का नाम शीर्ष पर है। प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री के नाम का बेसब्री से इंतजार है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार कोर कमेटी की बैठक में चिंतन के उपरांत ही इन चारों में से एक के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। आमजनों के अनुसार सर्वाधिक पसंद भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव एवं डॉ. चरणदास महंत को बताया जा रहा है। इधर महानदी भवन सचिवालय में भी प्रमुख सचिव एवं सचिव स्तर के अधिकारियों को मुख्यमंत्री किसे बनाया जा रहा है को लेकर भारी उत्सुकता है। मुख्य सचिव द्वारा कांग्रेस का जनघोषणा पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए किसानों के कर्जमाफी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने से यह प्रमाणित हो गया है कि सत्ता बदलते ही अधिकारियों के तेवर भी बदलते हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »