कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

  • 0-रात 8 बजे तक 67 सीटों पर कांग्रेस, 16 में भाजपा आगे
    0-जोगी कांग्रेस-बसपा व अन्य दल 7 सीटों पर थे आगे
    रायपुर, 11 दिसंबर (आरएनएस)। पिछले 15 सालों से राज्य की सत्ता से दूर कांग्रेस ने धमाकेदार वापसी करते हुए भाजपा के गढ़ में अपनी जीत का परचम लगा दिया है। राजधानी रायपुर के चार विधानसभा सीटों में से सबसे ज्यादा चर्चित पश्चिम विधानसभा सीट में कांटे के मुकाबले में कांग्रेस के विकास उपाध्याय ने भाजपा के कद्दावर मंत्री राजेश मूणत को करारी शिकस्त दी है। इसी तरह रायपुर ग्रामीण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, रायपुर उत्तर में कुलदीप जुनेजा ने कांग्रेस का परचम बुलंद किया है। इसी तरह धरसींवा में कांग्रेस की प्रत्याशी अनीता शर्मा और राजिम में अमितेश शुक्ल ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। राज्य के अधिकांश सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने अपनी जोरदार जीत से कांग्रेस को शीर्ष पर पहुंचा दिया है। समाचार लिखे जाने तक प्रदेश की कुल 90 विधानसभा सीटों में से 67 में कांग्रेस निर्णायक बढ़त बनाए हुए था।
    राज्य की सत्ता से 15 साल दूर रहने के बाद आखिरकार कांग्रेस ने प्रदेश में अपनी जोरदार वापसी की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, वरिष्ठ नेता डा. चरणदास महंत, मोहम्मद अकबर सहित अन्य कांग्रे्रस नेताओं ने एकजुट होकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला था। मतदान के बाद भी भाजपा के नेता पार्टी की जीत के प्रति पूरी तरह से निश्चिंत दिख रहे थे, उनके बयानों से भी यही झलक रहा था कि जीत-हार में ज्यादा अंतर नहीं होगा। लेकिन कांग्रेस ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए भाजपा का गढ़ माने जाने वाले छत्तीसगढ़ में तमाम रणनीतिकारों की रणनीतियों और अटकलों को पूरी तरह से ध्वस्त करते हुए एकतरफा जीत दर्ज कर राजनीति के पंडितों को हैरान कर दिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 50 सीटों की जीत को भी बहुत बड़ी जीत मानी जाती थी। लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मिशन-65 प्लस के भाजपा के सपनों को न केवल चकनाचूर किया है, बल्कि इस मिशन को एक बड़ी चुनौती मानते हुए इसका जोरदार मुकाबला भी किया और परिणाम शानदार और ऐतिहासिक जीत के रूप में अब जनता के सामने है।
    कांग्रेस के इन प्रत्याशियों ने दर्ज की शानदार जीत :
    राज्य के सीतापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के अमरजीत भगत ने सबसे पहले जीत का सेहरा अपने सिर पहना। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी अमितेश शुल्क ने रिकार्ड तोड़ जीत दर्ज की है। अब तक आये परिणामों में सबसे ज्यादा मत अमितेश शुक्ल के खाते में जमा हुए हैं, श्री शुक्ल ने 57 हजार के रिकार्ड मतों ने अपनी शानदार जीत दर्ज की है। वहीं अंबिकापुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक दल के नेता टीएस सिंहदेव ने 33 हजार वोटों की अच्छी जीत अपने नाम की है। रमन मंत्रिमंडल में शामिल महेश गागड़ा को कांग्रेस के विक्रम मंडावी ने 16 हजार के मतों से करारी हार दी है। रामानुजगंज से कांग्रेस के बृहस्पत सिंह ने 26 हजार, जगदलपुर से रेखचंद जैन ने 25 हजार मतों से अपनी शानदार जीत दर्ज करा ली है। इसी तरह चित्रकोट से कांग्रेस के दीपक बैस ने दूसरी आर जीत का सेहरा अपने सिर बांधा है। सामरी से कांग्रेस के चिंतामणी महाराज 23 हजार मतों से, कोंटा से कांग्रेस के विश्वसनीय नेता कवासी लखमा ने करीब 7 हजार मतों से और लुंड्रा से कांग्रेस के प्रीतम राम ने 14000 वोटों से, कटघोरा से कांग्रेस के पुरषोत्तम कंवर ने अपनी शानदार जीत दर्ज कर ली है। राजधानी रायपुर के सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले पश्चिम विधानसभा सीट से कांग्रेस के विकास उपाध्याय ने कद्दावर मंत्री राजेश मूणत को करारी शिकस्त दी है। वहीं रायपुर उत्तर से कुलदीप जुनेजा, रायपुर ग्रामीण से सत्यनारायण शर्मा, धरसींवा से अनीता शर्मा ने अपनी शानदार जीत दर्ज करा दी है। इधर रायगढ़ जिले के रायगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश नायक, सर्वाधिक चर्चित बने खरसिया विधानसभा सीट से पूर्व आईएएस अफसर ओपी चौधरी को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी उमेश पटेल ने अपनी शानदार जीत दर्ज की है। इसी तरह सारंगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी, लैलूंगा से कांग्रेस प्रत्याशी चक्रधर सिदार, धरमजयगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी लालजीत सिंह राठिया ने अपनी शानदार जीत दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस 67 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी, वहीं भाजपा केवल 16 सीटों पर आगे चल रही थी।
    डीके-8.15
    ०००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »