हमने षडय़ंत्रकारी दल के खिलाफ लड़ा चुनाव : विकास उपाध्याय

रायपुर, 07 दिसंबर (आरएनएस)। मतगणना की तिथि नजदीक आते ही जहां राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं तो वहीं ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका पर कांग्रेस के कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम परिसर में चौबीस घंटे पहरा दे रहे हैं। इसी कड़ी में कल रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने भी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए यहां रात बिताई। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने कहा कि जिस तरह से अभनपुर, धमतरी, जगदलपुर की घटना सामने आई है, इससे ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका काफी बढ़ गई है। इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने एक षडय़ंत्रकारी राजनीतिक दल भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा है। श्री उपाध्याय ने कहा कि इतिहास में देखें तो जिस तरह कर्नाटका और गुजरात में भाजपा के नेताओं पर ईवीएम से छेड़छाड़ कराने का आरोप लग चुका है, इससे समझा जा सकता है कि भाजपा किस तरह से जनादेश को बदलने के लिए षडय़ंत्र रचती है। उन्होंने कहा कि यहां सेजबहार के इंजीनियरिंग कालेज में कांग्रेस के कार्यकर्ता  20 नवंबर से लगातार चौकसी कर रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता यहां बारी-बारी से चौबीसों घंटे पहरा दे रहे हैं। इसके बाद भी षडय़ंत्र करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »