विजय देव बने दिल्ली सरकार के नए मुख्य सचिव

नई दिल्ली ,23 नवंबर (आरएनएस)। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विजय कुमार देव को दिल्ली सरकार का नए मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति अंशु प्रकाश के केन्द्र में तबादले के बाद हुई है। अंशु प्रकाश को दूरसंचार विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्ति मिली हुई है।
दिल्ली के मुख्य सचिव के पद के लिए कई नामों के कयास लगाए जा रहे थे। फिलहाल देव दिल्ली सरकार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। मुख्य सचिव बनाने के लिए दिल्ली सरकार मुख्य सचिव पद के लिए तीन नाम का पैनल भेजती है, लेकिन अंशु प्रकाश के तबादले के बाद दिल्ली सरकार ने पैनल के लिए कोई नाम नहीं भेजा था। एजीएमयूटी कैडर के 1987 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी विजय देव चंडीगढ़ में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह दिल्ली में दिल्ली परिवहन निगम के चेयरमैन, दिल्ली के मंडलायुक्त के साथ अन्य भी महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ कथित मारपीट का मामला काफी देर सुर्खियों में रहा। उक्त मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। चार्जशीट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा 11 विधायकों को भी मारपीट करने का आरोपी बनाया गया है। कुल 13 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »