समर्थन मूल्य में धान खरीदी के साथ मिलेगा बोनस : डा. रमन सिंह

रायपुर, 04 सितंबर (आरएनएस)। राज्य में 01 नवंबर से धान खरीदी के साथ ही किसानों के खातों में बोनस का पैसा भी एक साथ जमा होगा। धान के लिए कॉमन 1750 रूपए और ए ग्रेड के लिए 1770 रूपए निर्धारित है। इसके साथ ही 300 रूपए बोनस की राशि जोड़कर किसानों के खातों में जमा की जाएगी।
एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष हुई अच्छी बारिश से अनुमान है कि राज्य में करीब 2175 मैट्रिक टन धान की खरीदी होगी, इसके लिए 2400 करोड़ की धनराशि लगेगी। इसके लिए विशेष बजट सत्र बुलाया जाएगा। वर्तमान में लिए गए निर्णय के अनुसार अनुपूरक बजट के लिए विधानसभा का विशेष सत्र की संभावित तिथि 11-12 सितंबर है। दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन पूर्व राज्यपाल स्व. बलरामजी दास टंडन और पूर्व प्रधानमंत्री और राज्य के निर्माता स्व. अटल बिहारी बाजपेयी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सत्र के दूसरे दिन अनुपूरक बजट प्रस्तुत होगी। एक सवाल के जवाब में डा. सिंह ने कहा कि धान खरीदी के लिए इसके पूर्व निर्धारित नियम ही लागू होंगे, केवल बोनस की राशि को धान क्रय की राशि के साथ जोड़कर किसानों के खातों में जमा कराया जाएगा।
19832 वन अपराधों का होगा खात्मा :
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बताया कि वर्षों पुराने वन अपराधों के ऐसे मामलों को भी खत्म किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें अधिकतम 20 हजार रूपए तक का जुर्माना किया गया हो। डा. सिंह ने बताया कि वनांचलों में रहने वाले वनवासियों के खिलाफ कई तरह के अपराध सालों से दर्ज हैं। इसमें ऐसे अपराध जिनमें 20 हजार तक का जुर्माना किया गया हो, ऐसे प्रकरणों को खत्म किया जाएगा, ताकि वनवासियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »