मुख्य सचिव ने की बाढ़ की स्थिति की समीक्षा

रायपुर, 28 अगस्त (आरएनएस)। मुख्य सचिव अजय सिंह की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन) में बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन की बैठक हुई। मुख्य सचिव ने राज्य के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने और बाढ़ से प्रभावित लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिये। मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी जिलों में जल जनित बीमारियों के नियंत्रण के लिए पर्याप्त दवाईयों की व्यवस्था करने और खाद्य विभाग के अधिकारियों को दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में खाद्य भंडारण की पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिये है। सिंह ने शुद्ध पेयजल की उपलब्धता निर्बाध रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम में 24 घण्टे कर्मचारियों की तैनाती हो और सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने होमगार्ड के जवानों को जरूरी संसाधनों के साथ चिन्हित स्थानों में तैयार और अलर्ट रहने के निर्देश दिए। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण केन्द्र की स्थापना मंत्रालय (महानदी भवन) में की गयी है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »