रायपुर 30 जुलाई (आरएनएस)। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज आईबीसी 24 मीडिया समूह द्वारा आयोजित  धनवंतरी सम्मान 2022 में प्रदेश के 21 उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थान और चिकित्सकों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने प्रदेश में बेहतर होती चिकित्सा व्यवस्था के लिए सभी चिकित्सकों को बधाई दी।    राज्यपाल सुश्री उइके ने धनवंतरी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सम्मानित सभी चिकित्सा संस्थानों को शुभकामनाएं दी और छत्तीसगढ़  में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सतत प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि चिकित्सक मानवता की बड़ी सेवा करते है, इसलिए उनका सर्वत्र सम्मान है। चिकित्सक न केवल रोगों का इलाज करते है बल्कि उन्हें मानसिक संबल भी प्रदान करते है। राज्यपाल ने कहा कि लोगों ने आधुनिक  जीवनशैली तो अपना ली है लेकिन अपने शरीर को समय नहीं देते है। हमें प्रतिदिन अपने शरीर को भी समय देना चाहिए। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि आप सभी ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी है फलस्वरूप आपको सम्मान मिला है। आपको समय के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं को सतत रूप से विस्तार देना है और पूरे प्रदेश में अपनी पहुंच बनानी है। उन्होंने चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने के साथ साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करें।  इस मौके पर राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आईबीसी 24 मीडिया समूह के सीईओ श्री विवेक पारख, इनपुट एडिटर श्री संजय शर्मा, बिजनेस हेड श्री रवि ढिमोले सह सम्मानित चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक और उनके परिजन उपस्थित थे।