मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के लिए की कई बड़ी घोषणाएं : बनेंगे दस हजार अतिरिक्त मकान

रायपुर, 02 अगस्त (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज राज्य के पुलिस कर्मचारियों के लिए दस हजार अतिरिक्त मकानों के निर्माण सहित कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने सवेरे राजधानी रायपुर के नजदीक माना कैम्प स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में नये आरक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में कहा – विद्यालय को आटोमेटिक मॉड्यूलर किचन की स्थापना के लिए एक करोड़ 20 लाख रूपए दिए जाएंगे। इस अत्याधुनिक किचन में प्रतिदिन 600 लोगों का भोजन आसानी से तैयार हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने समारोह में विद्यालय से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके नये आरक्षकों के परेड की सलामी ली।
उन्होंने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा – पुलिस कर्मचारियों द्वारा आम जनता को दी जा रही सेवाएं एक तरह से कठिन भी है, चुनौती पूर्ण भी और मानसिक रूप से संतुष्टि देने वाली भी है। जन-जीवन की सुरक्षा और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस के हमारे जवान और अधिकारी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। उनकी कठिन ड्यूटी को ध्यान में रखकर राज्य सरकार का भी यह मानना है कि उन्हें शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं में बदलते परिवेश के अनुरूप समय-समय पर परिवर्तन भी किया जाए। सरकार उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा सजग और सक्रिय है। डॉ. सिंह ने कहा – छत्तीसगढ़ सरकार के आरक्षक से लेकर पुलिस उप अधीक्षक संवर्ग तक के वेतनमान मध्यप्रदेश के वेतनमान के बराबर है, लेकिन इनके बीच के पदों पर वेतनमान में कुछ भिन्नता है। आवश्यकता के अनुसार उसे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश के बराबर रखा जाएगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »