फोरलेन के लिए कटेंगे 347 पेड़ तो, बदले में लगाने होंगे 10 गुना पौधे

महासमुंद, 27 जून (आरएनएस)। शहर से होकर गुजरे एनएच 353 में फोरलेन निर्माण के दौरान वन विभाग को 347 पेड़ काटने के बाद उसके दस गुना मतलब कुल 3470 पेड़ भी लगाने होंगे क्योंकि वन विभाग को पेड़ कटाई के साथ ही पौधे लगाने के लिए भी लाखों रूपए प्रदान किया गया है।
जानकारी के मुताबिक फोरलेन निर्माण के दौरान शासन ने यह प्रावधान रखा है कि निर्माण के दौरान जितने भी पेड़ काटे जाएंगें उसके दस गुना पेड़ लगाना हैं। इसके लिए शासन ने वन विभाग को पेड़ लगाने के लिए भी राशि प्रदान की है। वन विभाग ने जिला अस्पताल से लभरा सर्किट हाऊस तक मार्ग के दोनों किनारे कुल 347 छोटे-बड़े पेड़ चिन्हांकित किया है जिसे निर्माण के दौरान काटा जाना प्रस्तावित है। ज्ञात हो कि शासन ने शहर से होकर गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग 353 के नदीमोड़ से खट्टी तक मार्ग चौड़ीकरण और जिला अस्पताल से खैरा तक फोरलेन व डिवाइडर निर्माण के लिए करीब 58 करोड़ रूपए स्वीकृत किया है। जिसके तहत सितलीनाला पुल की चौड़ाई बढ़ाने के लिए निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया हैं जबकि शहर में निर्माण कार्य आगामी माह से प्रारंभ हो जाएगा। विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए विद्युत विभाग को भी राशि आबंटित कर दी गई है। विभाग द्वारा इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »