गोधन न्याय योजना : शहरी संघ की महिलाएं उत्पादित कर रहीं उत्कृष्ट कंडे

धमतरी, 07 जनवरी (आरएनएस)। अगर कुछ कर गुजरने का जुनून हो और उसे अंजाम देने की दृढ़ इच्छाशक्ति मन में हो तो पथरीले रास्ते भी फूलों की सेज बन जाते हैं। नगरपालिक निगम धमतरी के नवज्योति शहर स्तरीय संघ ने भी कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसके जज्बे की चहुंओर सराहना हो रही है। शहरी क्षेत्र में गोधन न्याय योजना की इसे बड़ी कामयाबी कह सकते हैं, जहां पर संघ की 175 महिलाएं गोधन (गोबर) से अपना भविष्य संवारने में तल्लीन हैं। उनका आत्मविश्वास और होठों की सहज मुस्कान यह साबित कर रही है केमिकल फर्टिलाइजर के दौर में वर्मी खाद, वर्मी वॉश और गोबर के अन्य उत्पाद हर दृष्टिकोण से खरा उतरे हैं। समूह की महिलाओं ने बताया कि शहर से कचरा संग्रहण करने के बाद सुबह आठ से दोपहर तीन बजे दानीटोला वार्ड में स्थित एसआएलएम सेंटर की अलग-अलग युनिट में वर्मी कम्पोस्ट के अलावा गोकाष्ठ (गोबर की लकड़ी), कण्डे, अगरबत्ती और वर्मी वॉश तैयार करती हैं। संघ की अध्यक्ष मधुलता साहू ने बताया कि निगम क्षेत्र में ऐसे चार सेंटर संचालित हैं, जहां वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जाता है, साथ ही कण्डे, गौकाष्ठ, वर्मी वॉश और अगरबत्ती भी तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर निर्मित गौकाष्ठ की काफी मांग है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »