रायपुर, 16 दिसम्बर (आरएनएस)। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत बेला और नगर निगम क्षेत्र गोकुल नगर में स्थित गौठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठानों में हो रहे विभिन्न आजीविका संवर्धन के कार्यों का अवलोकन किया। डॉ. टेकाम ने बेला गौठान में किये गए कार्यो और महिला समूहों द्वारा किये जा रहे विभिन्न गतिविधियों की सराहना भी की। कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. टेकाम ने बेला गौठान निरीक्षण के दौरान कहा कि राज्य शासन द्वारा महत्वकांक्षी नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजनान्तर्गत ग्रामीण आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने गांव की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। डॉ. टेकाम ने बेला गौठान में स्व सहायता समूह की महिलाओं और समिति प्रबंधक से भी बात की। उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही मशरूम उत्पादन और उनसे होने वाले मुनाफा की बात सुन कर समूह की महिलाओं की सराहना की। डॉ. टेकाम ने गौठान में वर्मी टैंक, मशरूम उत्पादन, कड़कनाथ मुर्गीपालन शेड, एजोला उत्पादन, मिनी राइस मिल और चारागाह का अवलोकन किया।    इस दौरान महापौर राजकिशोर प्रसाद, कटघोरा विधायक  पुरूषोत्तम कंवर, पाली-तानाखार विधायक  मोहित केरकेट्टा, पार्षद सुरेन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधी, गणमान्य नागरिक तथा जिला प्रशासन की तरफ से कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल, एसडीएम कोरबा सुनील नायक एवं पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।