केंद्र ने राज्यों को मुफ्त में दिये करोड़ों मास्क, पीपीई किट व वेंटिलेटर

नई दिल्ली,13 अगस्त (आरएनएस)। केंद्र सरकार ने 3.04 करोड़ से ज्यादा एन95 मास्क, 1.28 करोड़ से ज्यादा निजी सुरक्षा उपरकरण (पीपीई) किट राज्यों, केंद्र शासित क्षेत्रों और केंद्रीय संस्थानों को 11 मार्च से अब तक मुफ्त प्रदान की हैं।
यह जानकारी गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देते हुए बताया कि 10.83 करोड़ से ज्यादा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की गोलियां भी इनके बीच वितरित की गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि इसके अतिरिक्त ‘मेक इन इंडियाÓ वाले 22,533 वेंटिलेटर विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को दिए गए हैं। केंद्र सरकर इन मशीनों को लगाने और संचालन का कार्य भी सुनिश्चित कर रही है। मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में सरकार की मुख्य भूमिका राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मजबूत करने और इसके प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने की है। कोविड-19 सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिकित्सकीय आपूर्ति भी कर रही है। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार की ओर से आपूर्ति किए जाने वाले ज्यादातर उत्पाद शुरुआत में देश में नहीं बन रहे थे। महामारी की वजह से वैश्विक स्तर पर मांग तेज होने से विदेशी बाजारों में भी इन चीजों की उपलब्धता कम हो गई थी। मंत्रालय ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय, कपड़ा मंत्रालय, फार्मास्यूटिकल्स मंत्रालय समेत अन्य के संयुक्त प्रयास से घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिला और पीपीई, एन95 मास्क, वेंटिलेटर जैसी चिकित्सकीय वस्तुओं व उपकरणों का उत्पादन और आपूर्ति शुरू हुई।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »