देश में 11.27 लाख पार हुए कोरोना मरीज, मृतकों का आंकडा 28 हजार के करीब

0-एक दिन में 49 हजार से ज्यादा नए मरीज, 812 की मौत
नई दिल्ली , 20 जुलाई (आरएनएस)। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार तेजी से जारी बढ़ोतरी के बीच सोमवार शाम सात बजे तक यानि एक दिन 49,663 नए मामले आने के बाद देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 11,27,281 हो गया है। जबकि इस एक दिन के अंतराल में मरे 812 लोगों के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 27,628 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकडो के मुताबिक शाम करीब सात बजे तक देश में संक्रमितों का आंकड़ा 11.27 लाख को पार कर गया है। देश में महज तीन दिन में ही कोविड-19 के मामले 10 लाख से 11 लाख के पार पहुंच गए हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में लगातार पांचवे दिन कोविड-19 के 35 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। वहीं उपचार के बाद संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी सात लाख से अधिक हो गई है। सोमवार शाम अद्यतन किए गए आंकडों के अनुसार पिछले एक दिन में 812 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 27,628 हो गई है। देश में संक्रमण के कुल मामलों में से 3,91,727 लोगों का उपचार चल रहा है और 7,07,523 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। संक्रमित हुए लोगों में विदेशी भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार पिछले एक दिन में जिन 812 लोगों की जान गई उनमें से सबसे अधिक 258 महाराष्ट्र के लोग थे। इसके बाद कर्नाटक में 91, तमिलनाडु में 78, आंध्र प्रदेश में 56, उत्तर प्रदेश में 38, पश्चिम बंगाल में 36, दिल्ली में 31, गुजरात में 20, मध्यप्रदेश में 15, बिहार में नौ, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर में आठ-आठ, राजस्थान तथा तेलंगाना में छह-छह, हरियाणा तथा ओडिशा में पांच-पांच, असम में चार, झारखंड में तीन, केरल में दो और गोवा तथा लद्दाख में एक-एक व्यक्ति की जान गई।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौतें
कोविड-19 से अभी तक 27,497 मरीजों की मौत के मामलों में महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11,854 लोगों ने जान गंवाई है। इसके बाद दिल्ली में 3,628, तमिलनाडु में 2,481, गुजरात में 2,142, कर्नाटक में 1,331, उत्तर प्रदेश में 1,146, पश्चिम बंगाल में 1,112, मध्यप्रदेश में 721, आंध्र प्रदेश में 642, राजस्थान में 559 और तेलंगाना में 415 लोगों की मौत हुई। हरियाणा में कोविड-19 से 349, पंजाब में 254, जम्मू कश्मीर में 244, बिहार में 217, ओडिशा में 91, असम में 57, उत्तराखंड में 52, झारखंड में 49 और केरल में 42 लोगों ने जान गंवाई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महामारी से पुदुचेरी में 28, छत्तीसगढ़ में 24, गोवा में 22, चंडीगढ़ में 12, हिमाचल प्रदेश में 11, त्रिपुरा में पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन और मेघालय, दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, लद्दाख में दो-दो व्यक्ति की मौत हुई।
यूपी व गुजरात में सुधार
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक 3,10,455 मामले सामने आए हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 1,70,693, दिल्ली में 1,22,793, कर्नाटक में 63,772, आंध्र प्रदेश में 49,650, गुजरात में 48,355, उत्तर प्रदेश में 49,247 और तेलंगाना में 45,076 मामले सामने आए हैं। मसलन गुजरात चौथे स्थान से घिसकर अब सातवें स्थान पर आ गया है, जबकि उसके स्थान पर आंध्र प्रदेश पहुंचा है। यूपी पांचवे स्थान से छठे स्थान पर पहुंचा है। इसके आलवा फिलहाल पश्चिम बंगाल में 42,487, राजस्थान में 29,434, हरियाणा में 26,164, बिहार में 26,569, असम में 23,999 और मध्यप्रदेश में 22,600 लोग संक्रमित पाए गए हैं। ओडिशा में संक्रमण के मामले बढ़कर 17,437, जम्मू-कश्मीर में 13,899 हो गए। केरल में अब तक संक्रमण के 12,480 जबकि पंजाब में 10,100 मामले सामने आए हैं। झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,535, छत्तीसगढ़ में 5,407, उत्तराखंड में 4,515 , गोवा में 3,657, त्रिपुरा में 2,878, पुदुचेरी में 1,999, मणिपुर में 1,911, हिमाचल प्रदेश में 1,483 और लद्दाख में 1,178 मरीज हैं। नगालैंड में संक्रमण के 988, चंडीगढ़ में 717, अरुणाचल प्रदेश में 740 और दादरा नगर हवेली तथा दमन और दीव में 605 मामले सामने आए हैं। मेघालय में 450, मिजोरम में 284, सिक्किम में 283 और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 203 लोग संक्रमित मिले हैं।
एम्स में कोरोना वैक्सीन के परीक्षण को 375 लोगों का चयन
दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है। ऐसे में एम्स के निदेश रणदीप गुलेरिया ने कहा कि एम्स में पहले चरण में 18-55 की उम्र के लोगों पर होगा कोरोना वैक्सीन का टेस्ट। कुल 1125 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 375 का चयन किया गया है। दूसरे चरण में 750 लोगों को चुना जाएगा जिनकी उम्र 12-65 वर्ष होगी।
एक दिन में दो लाख 56 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 19 जुलाई तक कोरोना के लिए 1,40,47,908 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 2,56,039 नमूनों का परीक्षण पिछले 24 घंटे में किया गया है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »