(भोपाल) दस साल में सिर्फ दो बार ही मानसून तय वक्त पर आया

भोपाल,19 जून 2017 (आरएनएस)। राज्य में सोमवार की सुबह से मौसम के तेवर तल्ख बने रहे, तेज धूप के साथ ही साथ उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं, बीच-बीच में चल रही हवा के झोंकों से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में हवाओं के रुख में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक भी इसे राजधानी में 16 से 18 जून तक दस्तक दे देना था। यह ऐसा पहली बार नहीं हुआ, बल्कि पिछले दस साल में सिर्फ दो बार ही मानसून ने तय वक्त या उससे पहले दस्तक दी है। इस बार शुरुआात से ही मानसून की प्रोग्रेस अच्छी थी। यह दो दिन पहले ही केरल पहुंच गया था। मुंबई में भी दो दिन पहले ही पहुंचा। इसके बाद यह कमजोर पड़ गया। मौसम केंद्र के डायरेक्टर डॉ अनुपम काश्यपि ने बताया कि मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच ज्यादा स्ट्रांग नहीं है। अरब सागर ब्रांच धीरे- धीरे रफ्तार पकड़ रही है। मौसम वैज्ञानिक मानसून घोषित करने के लिए उसका मापदंड पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। हवा का रुख धीरे- धीरे दक्षिण पश्चिमी हो रहा है। मानसून की अरब सागर ब्रांच से नमी आ रही है। मध्य महाराष्ट्र से केरल तक ऑफ सोर ट्रफ लाइन बनी है। यह नमी खींचेगी तो मानसून में प्रोग्रेस होगी। राजधानी में यह एक- दो दिन में पहुंच सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक सामान्य से 18.5 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है। सीजन में अब तक 59.2 मिमी पानी बरस चुका है। यह प्री मानसून बारिश है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि होशंगाबाद संभाग और मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छत्तरपुर, बालाघाट आदि स्थानों पर आगामी 24 घंटों में बौछारें पड़ सकती है, लेकिन मानसून के राज्य में दस्तक देने में कुछ देर हो सकती है। राज्य में दिन और रात के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री, इंदौर का 25 डिग्री, ग्वालियर का 25.6 डिग्री और जबलपुर का 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, इंदौर का 35.3 डिग्री, ग्वालियर का 41 डिग्री और जबलपुर का 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »