भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल सनी देओल-हेमा मालिनी व गौतम गंभीर

नई दिल्ली,22 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में दिल्ली के नए सांसदों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा लिस्ट में सनी देओल और हेमा मालिनी का भी नाम शामिल है।
पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। इनके अलावा इस सूची में दिल्ली से सांसद हंसराज हंस, गौतम गंभीर, रविकिशन, भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे सोनिया, राहुल, प्रियंका समेत 40 स्टार प्रचारक
कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है जिसमें पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य नेता शामिल हैं।चुनाव आयोग को पार्टी ने जिन स्टार प्रचारकों की सूची भेजी है उनमें सोनिया, राहुल और प्रियंका के अलावा पार्टी के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा, वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम शामिल हैं। पार्टी ने पूर्वांचली मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और सिख वोटरों के मद्देनजर नवजोत सिंह सिद्धू को भी प्रचारकों की सूची में जगह दी है।इसके अलावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर, वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरीश रावत, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और कई अन्य नेताओं के नाम भी प्रचारकों में शामिल हैं।गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किये जायेंगे
8 फरवरी को मतदान
बता दें कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को मतों की गणना के बाद नतीजे आएंगे। नामांकन के बाद अब उम्मीदवारों का प्रचार अभियान जोरों पर है। जगह-जगह रोड शो निकाले जा रहे हैं। आप जहां बिजली पानी मुफ्त जैसे अपने कामों को गिनाकर वोट मांग रही है, वहीं भाजपा का जोर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के केंद्र के फैसले को भुनाने पर है। इसके अलावा नागरिकता कानून मुद्दा भी उसकी लिस्ट में शामिल है। वहीं कांग्रेस आप-भाजपा की लड़ाई को मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में है।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »