पाक ने फिर तोड़ा सीजफायर, सुरक्षाबलों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

जम्मू ,13 नवंबर (आरएनएस)। पाकिस्तान की सेना ने बुधवार को एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तान की सेना ने बिना किसी उकसावे के राजौरी जिले के केरी सेक्टर में करीब सात बजे छोटे हथियारों से गोलीबारी कर और मोर्टार दाग कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी का भारतीय सेना भी माकूल जवाब दे रही है। गोलीबारी में अभी तक किसी भी तरह का कोई नुक्सान या क्षति नहीं हुयी है।
पाकिस्तान ने मंगलार को भी जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बिना किसी उकसावे की गोलीबारी की थी और इससे पहले आठ नवंबर को भी पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिसमें एक जवान शहीद हो गया था।
बता दें कि शाम चार बजे शुरू हुई गोलाबारी देर शाम तक जारी थी। सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की 3 चौकियां तबाह हो गईं। तीन से चार सैनिकों के भी मारे जाने की सूचना है।
क्षेत्र के गांव कस्बा, मंधारा, कीरनी, इस्लामाबाद, गूंतरियां, काईयां, अपर शाहपुर, लोअर शाहपुर के साथ ही नियंत्रण रेखा से दूरदराज के गांव गलीपिंडी और कंडियार तक गोले दागे गए। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों और सुरक्षित जगहों पर पनाह ली।
मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी की। मंगलवार शाम 7:30 बजे शुरू हुई गोलाबारी देर रात तक जारी थी। गोलट गांव को भी निशाना बनाकर गोले दागे गए। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें, इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को जिले के कृष्णा घाटी में आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए भारतीय क्षेत्र में गोलाबारी की थी जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया था। सेना की जवाबी कार्रवाई में दो घुसपैठिये मारे गए थे।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »