भाजपा ने जारी की मप्र, तेलंगाना, मिजोरम के लिये उम्मीदवारों की सूची

नई दिल्ली ,02 नवंबर (आरएनएस)। भाजपा ने मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मध्य प्रदेश के लिए जारी सूची में भाजपा ने अपने 177 उम्मीदवारों की घोषणा की है। जबकि तेलंगाना से 28 उम्मीदवारों एवं मिजोरम से 24 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जे पी नड्डा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज एवं समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी पहले ही अपने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री रमन सिंह राजनांदगांव सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों की पहली सूची
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में कुल 177 प्रत्याशियों के नाम हैं। जिनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को बुधनी, यशोधरा राजे सिंधिया को शिवपुरी, अशोक रोहनी को जबलपुर कैंट, खंडवा से देवेन्द्र वर्मा को, मंदसौर से यशपाल सिंह सिसौदिया को टिकट दिया है। वहीं ग्वालियर से विधायक और राज्य सरकार में मंत्री माया सिंह का टिकट काट दिया है। उनकी जगह इस बार वर्तमान पार्षद सतीश सिंह सिकवार को मौका दिया गया है। दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन 177 नामों को तय किया गया है, इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, समेत चुनाव समिति अन्य नेता शामिल थे।
किसे मिला और किसका कटा टिकट ?
सुसनेर से विधायक मुरलीधर पाटीदार को टिकट मिला है। टीकमगढ़ विधानसभा से वर्तमान विधायक केके श्रीवास्तव का टिकट काट गया है और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गिरी को यहां से चुनाव लडऩे का मौका मिला है। वहीं, पृथ्वीपुर विधानसभा से विधायक अनीता नायक की जगह बीजेपी जिलाध्यक्ष अभय यादव को टिकट मिला है।इसके अलावा गुना से पारुल की जगह गोपी लाल को टिकट दिया गया है। रामपुर से हर्ष सिंह की जगह विक्रम सिंह को टिकट दिया गया है। आगर से गोपाल परमार की जगह मनोहर को बीजेपी उम्मीदवार बनाया है। सांची में गौरीशंकर शेजवार की जगह उनके बेटे मुदित शेजवार को टिकट दिया गया है। शहडोल की जयसिंह नगर विधानसभा से सिटिंग विधायक प्रमिला सिंह का नाम काटकर जैतपुर विधानसभा सिटिंग एमएलए जय सिंह मरावी को यहां से लडऩे का मौका दिया गया है। हाल में ही कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शरद कोल को ब्यौहारी विधानसभा से टिकट दी गई है। जैतपुर से मनीषा सिंह को टिकट दी गई है। खंडवा जिले की मान्धाता और पंधाना सीटों पर मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं, वर्तमान में मान्धाता से लोकेंद्र सिंह तोमर विधायक हैं। उनकी जगह नरेंद्र सिंह तोमर का नाम तय हुआ है। पंधाना से मौजूद विधायक योगिता बोरकर की जगह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राम दांगुरे को टिकट दिया गया है। बाकी पर पूर्व से चले आ रहे प्रत्याशी ही लड़ेंगे चुनाव। खंडवा से देवेंद्र वर्मा और हरसूद विधानसभा से मंत्री विजय शाह का नाम फाइनल किया गया है। बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज (2 नवंबर) से शुरू हो गई है। जो 9 नवंबर तक चलेगी। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को एक ही चरण में चुनाव होंगे और नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे। मध्यप्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़े जाएंगे।
मिजोरम में उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी
मिजोरम में इस महीने की 28 तारीख को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 24 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। पार्टी ने इससे पहले 20 अक्टूबर को प्रदेश की 13 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। प्रदेश भाजपा इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बाकी तीन सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा। भगवा पार्टी के उम्मीदवारों की सूची में सबसे अधिक छह महिला प्रत्याशी शामिल हैं। जोराम पीपुल्स मूवमेंट ने दो महिलाओं को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने एकमात्र महिला वी चांगथू को प्रत्याशी बनाया है। मिजो नेशनल फ्रंट ने 39 उम्मीदवारों में एक भी महिला को मैदान में नहीं उतारा है। प्रदेश विधानसभा में 40 सीटें हैं।
००

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »